कनॉट प्लेस में ‘तिरंगा मार्च’ से पहले अभिजीत दीपके डिटेन, गाड़ी में ले गई दिल्ली पुलिस

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस में आज शाम 5 बजे प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च से पहले दिल्ली पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और गाड़ी में बैठाकर ले गई है।

दिल्ली पुलिस की टीम शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे झंडेवालान स्थित उस घर पर पहुंची जहां CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ठहरे हुए हैं। बताया जा रहा है कि अभिजीत इस बार एनसीपी-एससीपी प्रवक्ता अनीश गावंडे के आवास पर रुके हुए हैं।
पुलिस ने थमाया नोटिस
पुलिस टीम ने अभिजीत दीपके को नोटिस देकर कहा कि तिरंगा मार्च की इजाजत नहीं है। नोटिस में साफ लिखा है कि कनॉट प्लेस और आसपास के इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है, और इस मार्च के लिए NDMC से भी कोई अनुमति नहीं ली गई है।

दिल्ली पुलिस ने कहा कि तिरंगा लहराना कानून के खिलाफ नहीं है, लेकिन बिना अनुमति मार्च निकालना और भीड़ जुटाना प्रतिबंधों का उल्लंघन होगा। नोटिस में चेतावनी दी गई कि अगर मार्च निकाला गया तो इसे धारा 163 का उल्लंघन माना जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
‘तिरंगा लहराना कानून के खिलाफ है क्या?’
नोटिस मिलने के दौरान अभिजीत दीपके हाथ में तिरंगा लेकर बैठ गए और पुलिस से सवाल किया – “हमने तो यह बोला नहीं कि कोई प्रोटेस्ट है। हमने तो बस यह बोला है कि तिरंगा लहराएंगे तो क्या उसकी भी परमिशन नहीं है? क्या तिरंगा लहराना कानून के खिलाफ है?”

दीपके ने गुरुवार रात ही अपनी गिरफ्तारी की आशंका जताई थी और कहा था कि पुलिस उन्हें रात या सुबह हिरासत में ले सकती है।
क्यों बुलाया था मार्च?
CJP ने यह मार्च मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों के विरोध में बुलाया है। साथ ही पार्टी आशुतोष रांका और सौरव दास की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन कर रही है।

पुलिस ने CJP के 11 लोगों को मार्च निकालने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन अभिजीत दीपके ने इसे ठुकरा दिया था। इसके बाद NDMC ने सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर के लिए बंद कर दिया है, कनॉट प्लेस आने वाले सभी रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है और पूरे इलाके की किलेबंदी कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *