नरेला में प्रमोद हत्याकांड के बाद उबला आक्रोश, परिजनों ने किया कुंडली-सिंघु हाईवे जाम; DCP के समझाने पर माने

नरेला/सोनीपत: दिल्ली के नरेला इलाके में प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद (40) की दिनदहाड़े हत्या के बाद शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने कुंडली-सिंघु बॉर्डर, नरेला-नाहरी मार्ग और मीर सिंह मार्केट पर चक्का जाम कर दिया।

जानकारी के मुताबिक प्रमोद सोनीपत के नाहरी गांव के रहने वाले थे। गुरुवार सुबह करीब 7 बजे वह अपने पार्टनर पवन के साथ बाकनेर स्थित जिम पर पहुंचे थे। जिम के गेट पर फोन देखते हुए रुके तभी घात लगाकर बैठे दो शूटरों ने दोनों हाथों में पिस्टल लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
बुलेटप्रूफ गाड़ियां, फिर भी नहीं बच सके
परिजनों ने बताया कि प्रमोद को 3 साल पहले एक नामी गैंगस्टर से फिरौती के लिए धमकी मिली थी, जिसकी शिकायत कुंडली थाना पुलिस को दी गई थी। इसी डर से उन्होंने अपनी डिफेंडर और एंडेवर गाड़ियों को मोडिफाई कराकर बुलेटप्रूफ भी करा रखा था। जिम में जाने की वजह से लाइसेंसी गन गाड़ी में ही छोड़ दी थी।

ट्रैक्टर-ट्राली लेकर सड़क पर उतरी महिलाएं
हत्या के विरोध में शुक्रवार दोपहर सैकड़ों ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रालियों से नरेला पहुंचे। महिलाओं समेत बड़ी संख्या में लोग सड़क पर बैठ गए। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और ढाई घंटे तक हाईवे पूरी तरह बंद रहा। परिजनों की मांग थी कि आरोपियों का एनकाउंटर किया जाए, तभी शव लेंगे।

परिजनों ने कहा – “नाहरी गांव के बेटे का घर उजड़ गया, हमें बस न्याय दे दो”। बड़े भाई विनोद ने रोते हुए कहा कि यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ मॉडल की तरह तुरंत न्याय मिलना चाहिए।

DCP ने जमीन पर बैठकर समझाया, गले लगाकर दिया भरोसा
हालात बिगड़ते देख रोहिणी जिले के DCP शशांक जायसवाल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने जमीन पर बैठकर परिजनों से बात की। जब बड़ा भाई विनोद रोने लगा तो DCP ने उन्हें गले लगाकर सांत्वना दी।

DCP ने आश्वासन दिया कि दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में पुलिस की 50 स्पेशल टीमें दिन-रात छापेमारी कर रही हैं और हत्यारों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस ठोस आश्वासन के बाद परिजन और ग्रामीण जाम खोलने पर राजी हुए।

फिलहाल नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाने में FIR दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *