नई दिल्ली। पेंशन की गाढ़ी कमाई पर फर्जी प्रॉपर्टी पेपर देकर ठगी करने वाले ‘नटवरलाल’ स्टाइल के 67 वर्षीय शातिर ठग को द्वारका जिले की AATS टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह करीब एक साल से फरार चल रहा था।
पीड़ित तिहाड़ जेल से सेवानिवृत्त फार्मासिस्ट हैं। आरोप है कि 2024-25 के दौरान आरोपी ब्रह्म स्वरूप भारद्वाज और उसके साथियों ने कई प्लॉटों की फर्जी बिक्री के नाम पर बुजुर्ग की जीवन भर की जमा पूंजी 1.75 करोड़ रुपये हड़प लिए। इस संबंध में थाना रन्होला में FIR No. 730/25 दर्ज है।
डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह, IPS के निर्देश पर फरार और इनामी बदमाशों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ACP/Operations श्री सुभाष मलिक के पर्यवेक्षण और इंस्पेक्टर मनीष यादव, AATS द्वारका के नेतृत्व में SI जितेंद्र, HC सोनू, HC मनोज और W/HC ममता की टीम गठित की गई।
टीम ने 7 दिन तक तकनीकी और मैनुअल सर्विलांस कर आरोपी को ट्रैक किया। आखिरकार 13.09.2026 को उसे हरियाणा के सोनीपत से दबोच लिया गया। दिनांक 03.09.2026 को इस केस में 5 वांछित आरोपियों पर 50-50 हजार का इनाम घोषित किया गया था, जिसमें मुख्य आरोपी भारद्वाज भी शामिल था।
आरोपी को कलंदरा के तहत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।