29 साल से फरार कुख्यात बदमाश दबोचा, दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की बड़ी कामयाबी

नई दिल्ली, 09 सितंबर। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी गैंगस्टर स्क्वाड (AGS) ने 29 साल से फरार चल रहे कुख्यात अंतरराज्यीय अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मुरारी उर्फ अशोक (60) पुत्र देवी सिंह, निवासी मोहन गार्डन, उत्तम नगर के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी मोहन गार्डन थाने का घोषित बदमाश (BC) है और दिल्ली-राजस्थान में 18 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। आरोपी तीन मामलों में वांछित था, जिनमें गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी थे।

पहला मामला FIR No. 22/1996 थाना उच्छैन, भरतपुर (राजस्थान) का है, जिसमें वह लूट व पुलिस पार्टी पर हमले के मामले में 1996 से फरार था। दूसरा मामला FIR No. 482/2001 थाना भुसावर, भरतपुर में सेंधमारी-हथियार सहित लूट का है, जिसमें वह 25 साल से फरार था। तीसरा मामला FIR No. 679/2016 थाना रन्होला, दिल्ली में अवैध शराब के गोदाम पर छापे के दौरान पुलिस टीम पर हमले का है।

क्राइम ब्रांच को 08.09.2026 को आरोपी के द्वारका में होने की गुप्त सूचना मिली। इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार के नेतृत्व में टीम ने सेक्टर-14, द्वारका में जाल बिछाकर उसे दबोच लिया। पूरी कार्रवाई ACP भगवती प्रसाद और DCP क्राइम हर्ष इंदौरा, IPS के निर्देशन में की गई।

आरोपी को कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित अदालतों के हवाले किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *