दिल्ली पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई – 48,600 नशीली गोलियों के साथ एक गिरफ्तार

नई दिल्ली, 10 सितंबर 2026

दिल्ली को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की एंटी-नारकोटिक्स सेल को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 48,600 अल्प्राजोलम टेबलेट की अवैध खेप के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

रोहित राजवीर सिंह डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के अनुसार, 9 सितंबर को एएनसी को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में साइकोट्रॉपिक दवाएं सप्लाई करने जा रहा है। सूचना पर एसीपी ऑपरेशन्स पदम सिंह राणा की देखरेख में इंचार्ज एएनसी राहुल अधिकारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने पहाड़गंज में बसंत रोड-पंचकुइयां रोड के टी-पॉइंट पर जाल बिछाकर आरोपी को दबोचा।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील वर्मा (43 वर्ष), निवासी ज्वाला नगर, शाहदरा के रूप में हुई है। वह अपनी हुंडई सैंट्रो कार में गोलियां सप्लाई करने जा रहा था। तलाशी में कार से 48,600 अल्प्राजोलम टेबलेट बरामद हुईं, जिनका वजन लगभग 5.832 किलोग्राम है।

पुलिस ने बताया कि अल्प्राजोलम एक प्रतिबंधित साइकोट्रॉपिक दवा है, जिसे बिना वैध प्रिस्क्रिप्शन के रखना या बेचना गैरकानूनी है। भारत में इसकी कमर्शियल मात्रा 100 ग्राम है, जबकि यह बरामदगी उससे 59 गुना ज्यादा है, जो बड़े पैमाने पर अवैध सप्लाई की ओर इशारा करती है।

इस संबंध में थाना पहाड़गंज में FIR No. 399/2026, U/S 22/25 NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शाहदरा और ईस्ट दिल्ली की मेडिकल दुकानों पर दवाएं सप्लाई करता था। वह ग्रेजुएट है और कोल्ड बॉक्स (वैक्सीन कैरियर) बनाने का काम करता है।

पुलिस अब इस नेटवर्क के सोर्स और सप्लाई चेन के अन्य लिंक खंगाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *