मध्य जिला पुलिस की चांदनी महल थाना टीम ने अपराध को अंजाम देने से पहले ही नाकाम कर दिया। पुलिस ने एक बदमाश मोहम्मद इलमान को अवैध देसी कट्टा और 2 जिंदा कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को थाना चांदनी महल की पीपी तुर्कमान गेट टीम को सूचना मिली थी कि पुलिस भवन के पीछे, आसफ अली रोड के पास एक व्यक्ति के पास अवैध हथियार है। सूचना पर एसएचओ चांदनी महल के मार्गदर्शन और एसीपी दरियागंज की देखरेख में टीम ने छापा मारकर बल्लीमारान निवासी इलमान को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से एक देसी कट्टा और 8 MM के 2 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
जांच में सामने आया है कि आरोपी हौज काजी थाने का घोषित बदमाश (BC) है और पहले से ही आर्म्स एक्ट, स्नैचिंग, चोरी और सेंधमारी सहित करीब 8 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। आरोपी के हथियारों के साथ फोटो भी सामने आए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
पुलिस ने थाना चांदनी महल में FIR No. 452/2026, धारा 25/54/59 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खुद की सुरक्षा और दहशत बनाने के लिए हथियार रखता था।
यह कार्रवाई SI नरेंद्र, ICPP तुर्कमान गेट, SI रोहित रावल, HC आनंद कुमार और Ct. राहुल की टीम ने की। पुलिस अब हथियार के सोर्स और सप्लाई चेन की जांच कर रही है।
डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि सतर्कता से की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी वारदात टल गई।