नई दिल्ली: उत्तर जिला पुलिस की PP ISBT, थाना कश्मीरी गेट टीम ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए 21.360 किलो गांजा (कमर्शियल क्वांटिटी) बरामद किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत किशोर (CCL) को पकड़ा गया है।
निहारिका भट्ट डीसीपी नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट के मुताबिक दिनांक 08.10.2026 को रात करीब 08:40 बजे महाराणा प्रताप ISBT कश्मीरी गेट पर गश्त के दौरान टीम ने दो ट्रॉली बैग (एक लाल, एक तोता-हरा) लिए एक संदिग्ध को देखा। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश में उसे पकड़ा गया। तलाशी में लाल बैग से 7.140 किलो व 7.190 किलो के 2 पैकेट और हरे बैग से 7.030 किलो का 1 पैकेट बरामद हुआ। कुल 21.360 किलो गांजा मिला। इस संबंध में थाना कश्मीरी गेट में FIR No. 457/26, धारा 20 NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में खुलासा: पकड़े गए किशोर की उम्र करीब साढ़े 17 साल है। उसने बताया कि 07.10.2026 को वह सुपौल, बिहार से सुपौल स्पेशल एक्सप्रेस से दिल्ली आया था। गाजियाबाद में दो संदिग्ध व्यक्तियों ने उसे दो ट्रॉली बैग दिए और दिल्ली में कर्नाल मार्केट ब्रिज के नीचे डिलीवरी के लिए 3,500 रुपये दिए। वह रिक्शा से ISBT पहुंचा था, जहां पुलिस ने उसे दबोच लिया।
शंकर बनर्जी, ACP/कोतवाली के निर्देशन व इंस्पे. प्रशांत यादव, SHO/कश्मीरी गेट के पर्यवेक्षण में SI मुकेश तोमर, I/C PP ISBT के नेतृत्व में SI इफ्तिखार, HC गोपाल सिंह, HC विवेक व Ct. गुलबीर की टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार गांजा सप्लाई के सोर्स, गाजियाबाद में बैग देने वाले दो संदिग्धों और दिल्ली में खेप लेने वाले की तलाश की जा रही है। बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं।