नई दिल्ली, 26 नवंबर। उत्तर-पूर्व जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने हत्या के मामले में वांछित कुख्यात बदमाश अमान गाजी उर्फ नासिर कमाल उर्फ अमान उर्फ पहलवान (26) को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी ने पुलिस टीम पर 4 राउंड फायरिंग की, जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में 6 राउंड फायर किए। आरोपी की एक गोली कांस्टेबल मुकेश की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जबकि पुलिस की गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी कुख्यात अपराधी नसीम दुर्रानी का करीबी साथी है और 16 नवंबर को खजूरी खास थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े समीर उर्फ भूरा की हत्या के मामले में वांछित था। इस मामले में थाना खजूरी खास में एफआईआर नंबर 587/2026 दर्ज है।
25 नवंबर की रात करीब 8 बजे एसआई कौशिक घोष यादव को सूचना मिली कि आरोपी अपने साथियों से मिलने आने वाला है। इस पर इंस्पेक्टर अरविंद सिंह के नेतृत्व में टीम ने नानक सर से तीसरे पुश्ता की ओर श्मशान घाट के पास जाल बिछाया। रात करीब 11:30 बजे आरोपी मोटरसाइकिल पर पहुंचा। पुलिस ने उसे घेरकर आत्मसमर्पण करने को कहा तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने पहले हवा में चेतावनी फायर किया, लेकिन आरोपी नहीं रुका। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल होकर गिर पड़ा। उसे तुरंत काबू कर जेपीसी अस्पताल भेजा गया।
आरोपी के पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, 9 जिंदा कारतूस, 2 मैगजीन और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। मुठभेड़ को लेकर थाना न्यू उस्मानपुर में एफआईआर नंबर 745/26 दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पहले थाना गांधी नगर के एक सशस्त्र लूट के मामले में भी शामिल रह चुका है। आगे की जांच जारी है।