क्राइम ब्रांच का बड़ा खुलासा: अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड, साइबर स्लेवरी और मानव तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, 164 विदेशी नागरिक मुक्त

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के इंटर स्टेट सेल ने अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड, साइबर स्लेवरी और मानव तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 164 विदेशी नागरिकों को कथित अवैध बंधक से मुक्त कराया गया है। इनमें 92 इंडोनेशियाई और 72 मलेशियाई नागरिक शामिल हैं। पुलिस ने एक मलेशियाई नागरिक तान गुआन वेई को गिरफ्तार किया है।

सुरेन्द्र कुमार, संयुक्त आयुक्त, क्राइम ब्रांच के अनुसार, आरोपियों ने विदेशी नागरिकों को नौकरी और अच्छे अवसरों का झांसा देकर भारत बुलाया और फिर उन्हें बंधक बनाकर साइबर ठगी में जबरन लगाया गया। ठगी के लिए जेंट्रिक्स, क्वांटवोरो समेत अन्य फर्जी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और एपीके आधारित ऐप का इस्तेमाल किया जा रहा था।

फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर फंसाते थे शिकार

जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी महिला पहचान बनाकर लोगों से संपर्क करते थे। ऑनलाइन रिश्ता बनाकर विश्वास जीतने के बाद पीड़ितों को फर्जी ट्रेडिंग और निवेश प्लेटफॉर्म पर पैसा लगाने के लिए उकसाया जाता था। मुक्त कराए गए विदेशी नागरिकों से ही जबरन पीड़ितों से बात कराई जाती थी और फर्जी प्लेटफॉर्म चलवाए जाते थे।

छापे में भारी बरामदगी

विशेष सूचना और खुफिया जानकारी के आधार पर इंटर स्टेट सेल की टीम ने संदिग्ध ठिकाने पर छापा मारा। मौके से 355 मोबाइल फोन, 168 डेस्कटॉप कंप्यूटर, 26 लैपटॉप, 53 सिम कार्ड और 174 पासपोर्ट बरामद हुए। इनमें 335 पुराने और 20 नए सीलबंद मोबाइल, 31 अंतरराष्ट्रीय और 22 भारतीय सिम, 95 इंडोनेशियाई और 79 मलेशियाई पासपोर्ट शामिल हैं। सर्वर और अन्य डिजिटल सामग्री भी जब्त की गई है।

इस संबंध में थाना क्राइम ब्रांच में दिनांक 26.11.2026 को एफआईआर नंबर 278/2026, धारा 138/143(1)/143(3)/144(2)/146/127/318(4)/319/351/61(2)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भारतीय हैंडलरों की भूमिका भी सामने आई

जांच के दौरान भारतीय हैंडलर सुनील कुमार और सुशील कुमार की भूमिका भी सामने आई है। उनके कुछ बैंक खातों की पहचान हुई है, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर किराया और संचालन खर्च के लिए किया जा रहा था। वित्तीय लेनदेन की जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी तान गुआन वेई (25) मलेशिया के नेगेरी सेम्बिलन का रहने वाला है। नेटवर्क में उसकी भूमिका, संपर्कों और वित्तीय लेनदेन की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क, पीड़ितों और ठगी की रकम का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *