एजुकेशन सिस्टम और NEET पेपर लीक के खिलाफ एक तरफ कॉकरोच जनता पार्टी का जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट जारी है। दूसरी ओर, मंगलवार (21 जुलाई 2026) को कांग्रेस ने भी लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास से करीब 100 मीटर दूर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया । राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई कांग्रेसी नेता दोपहर 3 बजे से धरना दे रहे थे। वो शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इस बीच पुलिस राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव को हिरासत में लेकर गई है।न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, मल्लिकार्जुन खरगे, पवन खेड़ा, केसी वेणुगोपाल समेत कांग्रेस के कई नेता और विपक्षी सांसद दोपहर 3 बजे लोक कल्याण मार्ग के करीब धरने पर बैठ गए थे। इस बीच केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह धरना खत्म करने के लिए राहुल गांधी से मिलने पहुंचे थे। दोनों के बीच कुछ देर बात हुई। फिर जितेंद्र सिंह लौट आए और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. इसके बाद वो दोबारा धरना स्थल पहुंचे. लेकिन, राहुल गांधी ने धरना खत्म करने से इनकार कर दिया। जिसके बाद पुलिस पहुंची और कांग्रेस नेताओं को डिटेन किया.राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव से पहले पंजाब के पूर्व CM चरणजीत चन्नी, कन्हैया कुमार, केसी वेणुगोपाल समेत कई कांग्रेसी हिरासत में लिए गए हैं।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी के धरने पर पोस्ट किया है। उन्होंने कहा- “राहुल गांधी की मांग थी कि संसद में NEET पेपर लीक पर चर्चा हो। सरकार ने उनकी बात मान ली, तो वह अपनी बात से मुकर गए. अब उनकी दो मांगे हैं. NEET पर चर्चा के साथ शिक्षा मंत्री का इस्तीफा भी चाहिए.”
वही राहुल गांधी ने X पर पोस्ट किया, “प्रधानमंत्री मोदी को लगता है कि वो बिना जवाब दिए, बिना किसी नतीजे का सामना किए बच निकलेंगे. वो इसबार ऐसा नहीं कर पाएंगे, इस बार तो बिल्कुल नहीं. मैं हर उस देशभक्त भारतीय से अपील करता हूं, जो मानता है कि हमारे छात्रों को न्याय मिलना चाहिए. प्रधानमंत्री आवास के सामने हमारे धरने में शामिल हों. भारत के छात्रों की आवाज को नजरअंदाज़ नहीं किया जा सकता. छात्रों पर हुआ हमला हर भारतीय परिवार पर हुआ हमला है.” राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा, “हम कल छात्रों के साथ हुई बर्बरता पर प्रधानमंत्री मोदी से जवाब मांगने उनके घर तक मार्च कर रहे हैं. सरकार न तो जवाबदेही तय करना चाहती है और न ही संसद में इस मुद्दे पर बहस कराना चाहती है। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को देश के युवाओं का भविष्य बर्बाद करने के लिए इस्तीफा देना चाहिए।”
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, कांग्रेस के धरना प्रदर्शन की प्लानिंग कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के घर पर हुई थी. आज खरगे का 80वां जन्मदिन भी है. कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “छात्रों के हक और उनकी जायज मांगों के साथ है. इस बुजदिल तानाशाह सरकार को लाठीचार्ज और बल प्रयोग पर जवाब देना होगा. मोदी-शाह हमारे युवाओं के गुनहगार हैं. उनको इस्तीफा देना होगा.”