दिल्ली के रोहिणी में “निडर नारी” के तहत महिला सुरक्षा व आत्मरक्षा कार्यक्रम, 950 छात्राएं हुईं सशक्त

नई दिल्ली। रोहिणी जिला पुलिस ने “निडर नारी” पहल के तहत शशक्ति – महिला सुरक्षा जागरूकता एवं आत्मरक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-24, बुध विहार और एमसीडी प्राइमरी स्कूल, सेक्टर-24, रोहिणी में आयोजित हुआ, जिसमें क्रमशः लगभग 800 और 150 छात्राओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली छात्राओं को बुनियादी आत्मरक्षा तकनीक सिखाकर उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। छात्राओं को स्कूल आते-जाते समय, बाजार, बस, मेट्रो व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सतर्क, आत्मविश्वासी और अपने आसपास के प्रति सजग रहने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

इस दौरान व्यावहारिक आत्मरक्षा तकनीकों का प्रदर्शन किया गया और आवश्यक सुरक्षा टिप्स दिए गए, ताकि छात्राएं अनुचित व्यवहार, छेड़छाड़ व अन्य चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से प्रतिक्रिया दे सकें। आत्मरक्षा, परिस्थितिजन्य जागरूकता, साहस और उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने के महत्व पर भी जोर दिया गया।

शशांक जयसवाल डीसीपी रोहिणी जिला पुलिस का कहना है कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवा लड़कियों में आत्मविश्वास पैदा करना, महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर व सशक्त बनाना है। पुलिस महिला व बालिकाओं की सुरक्षा, संरक्षा और सशक्तिकरण के लिए निरंतर जागरूकता अभियान, आत्मरक्षा प्रशिक्षण और सामुदायिक संपर्क कार्यक्रम चलाती रहेगी।

निडर नारी – सशक्त महिला, सुरक्षित समाज!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *