ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के बीच अरुण जेटली स्टेडियम में सुरक्षा और यातायात की कड़ी चुनौती को मध्य जिला पुलिस ने बखूबी संभाला।
रोहित राजवीर सिंह डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के मुताबिक 13 सितंबर को मध्य जिला क्षेत्र में स्थित अरुण जेटली स्टेडियम में भारत-अफगानिस्तान T20 मुकाबला शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। राजधानी में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के चलते सुरक्षा एजेंसियों पर दोहरा दबाव था, बावजूद इसके मध्य जिला पुलिस ने स्टेडियम के आसपास व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए।
स्टेडियम के प्रवेश-निकास द्वार, अप्रोच रोड और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। दर्शकों की सुविधा के लिए ट्रैफिक को लेकर एडवांस एडवाइजरी और रूट की जानकारी पहले ही जारी कर दी गई थी, जिससे दर्शक समय पर बिना किसी परेशानी के स्टेडियम पहुंच सके।
मैच के दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की गई। कई दर्शकों ने बताया कि ब्रिक्स समिट के कारण उन्हें जाम और सुरक्षा को लेकर चिंता थी, लेकिन सुगम यातायात प्रबंधन और चाक-चौबंद सुरक्षा देखकर वे संतुष्ट हैं। दर्शकों ने दिल्ली पुलिस के इंतजामों की सराहना की।