नारायणा गांव में कहासुनी के बाद चाकूबाजी, 18 वर्षीय युवक की मौत, हत्या का केस दर्ज

नई दिल्ली, 20 सितंबर 2026

पश्चिमी दिल्ली के नारायणा गांव में आपसी कहासुनी के बाद हुई चाकूबाजी में 18 साल के युवक की मौत हो गई। घटना के संबंध में थाना नारायणा में हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे डीडीयू अस्पताल से सूचना मिली कि नारायणा गांव निवासी सुमित गिरी (18) को अचेत अवस्था में लाया गया, जिसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर इंस्पेक्टर दीपक शर्मा स्टाफ के साथ अस्पताल पहुंचे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी अमन और नरसिंह मोटरसाइकिल से पायल सिनेमा की तरफ गए थे। लौटते समय रास्ते में उनकी मुलाकात परिचित सुमित और अमन पुत्र अनिल सिंह से हुई। बातचीत के दौरान अमन पुत्र अनिल ने मजाक में नरसिंह को “पापा” कहने के लिए कहा। इस पर आरोपी अमन ने अमन पुत्र अनिल को चाकू दिखाकर धमकाया। सुमित ने इसका विरोध किया तो दोनों में झगड़ा बढ़ गया।

इसी बीच उनका दोस्त सरगम मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा, जिसमें उसे हल्की चोट भी आई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी अमन ने सुमित पर चाकू से वार कर दिया। वारदात के बाद आरोपी ने अपने छोटे भाई को मौके पर बुलाया, जिसने घायल सुमित के साथ मारपीट की।

घटना की जानकारी अमन पुत्र अनिल सिंह ने सुमित के परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और सुमित को डीडीयू अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

चश्मदीद अमन पुत्र अनिल सिंह के बयान पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल सभी लोग नारायणा गांव के रहने वाले हैं और एक-दूसरे को जानते हैं। मामले में सभी की भूमिका की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *