दिल्ली के पहाड़गंज में अजब-गजब नज़ारा, नियम ताक पर : एक ही नक्शे पर दो अवैध होटल ? 5 फुट की गली में बन रहा आलीशान होटल, MCD की मिलीभगत का आरोप

नई दिल्ली / पहाड़गंज। राजधानी दिल्ली के हृदय स्थल कहे जाने वाले पहाड़गंज इलाके में अवैध निर्माण का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। तेल मंडी, गली भगवती भवन, पहाड़गंज में प्रॉपर्टी नंबर 4196 और 4196/1-2 पर हो रहे निर्माण ने नगर निगम के पूरी कार्यप्रणाली पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार मात्र 5 फुट की संकरी गली में दो होटलों का निर्माण किया जा रहा है। आरोप है कि दोनों ही निर्माण एक ही व्यक्ति द्वारा करवाए जा रहे हैं, जिसमें से एक होटल पूरी तरह बनकर तैयार हो चुका है, जबकि दूसरा निर्माणाधीन है।
सबसे बड़ा सवाल – एक नक्शा, दो इमारतें?
सूत्रों का दावा है कि दोनों अलग-अलग प्रॉपर्टी के लिए नगर निगम में एक ही घरेलू (रिहायशी) नक्शा दिखाकर स्वीकृति ली गई है। जबकि मौके पर दोनों जगह व्यावसायिक होटल बनाए जा रहे हैं।

नियमानुसार रिहायशी नक्शे पर व्यावसायिक होटल का निर्माण पूरी तरह अवैध है। साथ ही एक नक्शे पर दो अलग-अलग प्रॉपर्टी पर निर्माण कैसे स्वीकृत हो गया, यह अपने आप में बड़ा भ्रष्टाचार का संकेत है।
6 मीटर के नियम की खुलेआम अनदेखी
दिल्ली सरकार और मास्टर प्लान के नए मानकों के अनुसार, जिस गली में होटल या गेस्ट हाउस का निर्माण हो, वहां कम से कम 6 मीटर (लगभग 20 फुट) चौड़ी सड़क होना अनिवार्य है, ताकि आग लगने पर दमकल की गाड़ी और एम्बुलेंस आसानी से पहुंच सके।

लेकिन भगवती भवन वाली गली की चौड़ाई महज 4 से 5 फुट है। इतनी संकरी गली में होटल बनना न सिर्फ अवैध है, बल्कि सैकड़ों लोगों की जान के लिए भी खतरा है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद MCD करोल बाग जोन के अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। बिना पार्किंग, बिना फायर NOC और बिना चौड़ी सड़क के होटल कैसे बन रहे हैं, इसकी जांच होनी चाहिए।

इस संबंध में जब MCD अधिकारियों से पक्ष जानने की कोशिश की गई तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

क्षेत्र के लोगों ने उपराज्यपाल और MCD कमिश्नर से मांग की है कि 4196 और 4196/1-2 तेल मंडी, पहाड़गंज के दोनों अवैध निर्माणों की उच्च स्तरीय जांच कराकर तुरंत सीलिंग की कार्रवाई की जाए और दोषी अधिकारियों पर भी कार्रवाई हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *