नई दिल्ली, 27 सितंबर। दिल्ली पुलिस ने शनिवार को राजधानी के सभी 15 जिलों में साप्ताहिक ‘थाना दिवस-जनसुनवाई’ कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान जनसुनवाई सत्रों में कुल 2809 शिकायतों पर सुनवाई कर उनका मौके पर ही समाधान किया गया।
कार्यक्रम में स्पेशल सीपी से लेकर एसीपी रैंक तक के वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न थानों में मौजूद रहकर नागरिकों की समस्याएं सुनीं। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी से लोगों को अपनी शिकायत सीधे उच्च स्तर पर रखने का मौका मिला। लोगों ने रोजमर्रा की समस्याओं को लेकर सुझाव भी दिए।
यह पहल उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू के निर्देश पर जून 2026 में शुरू की गई थी। पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार के नेतृत्व में हर शनिवार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक सभी थानों में यह जनसुनवाई आयोजित की जाती है।