नई दिल्ली, 30 सितंबर 2026
दिल्ली के पुलिस आयुक्त श्री अनुराग कुमार ने आज पूर्वी दिल्ली का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उनके साथ विशेष पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था जोन-1) देवेश चंद्र श्रीवास्तव, संयुक्त पुलिस आयुक्त (पूर्वी रेंज) मिलिंद महादेव डुंबरे, पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार, एसीपी प्रीत विहार तथा लक्ष्मी नगर, शकरपुर और प्रीत विहार थानों के एसएचओ सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
पुलिस आयुक्त और वरिष्ठ अधिकारियों ने लक्ष्मी नगर स्थित अषिता पार्क में पैदल गश्त की। गश्त के दौरान पार्क में पुलिस की दृश्यता, निवारक गश्त, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा उपायों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने पार्क में आने वाले लोगों की सुरक्षा और जमीनी स्तर पर पुलिस की प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
इसके बाद पुलिस आयुक्त दिल्ली ने प्रीत विहार के वी3एस मॉल स्थित पिंक बूथ का भी निरीक्षण किया। वहां तैनात पुलिसकर्मियों से बातचीत कर बूथ की कार्यप्रणाली और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई।
सीपी दिल्ली ने प्रभावी गश्त, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए, विशेषकर महिला सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने को कहा।