दिल्ली पुलिस में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव हुआ है। उपराज्यपाल कार्यालय ने सोमवार को 12 DANIPS अधिकारियों को ACP से एडिशनल DCP के पद पर प्रमोट करने को मंजूरी दे दी है। इस लिस्ट में कनॉट प्लेस के एसीपी विवेक भगत का नाम भी शामिल है।
जानकारी के मुताबिक, एसीपी विवेक भगत को एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (Addl. DCP) के पद पर नियुक्त किया गया है। यह प्रमोशन ऐसे समय हुआ है जब उनके खिलाफ कुछ दिन पहले एक प्रदर्शन के दौरान आरोप लगे थे।
क्या है पूरा मामला?
3 अक्टूबर को नई दिल्ली के जंतर-मंतर इलाके में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ ‘सिटीजन फॉर जस्टिस एंड पीस’ (CJP) के प्रदर्शन की कवरेज के दौरान तीन महिला पत्रकारों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों पर यौन उत्पीड़न और बदसलूकी के आरोप लगाए थे।
इनमें से एक महिला पत्रकार ने एसीपी विवेक भगत को नामजद करते हुए शिकायत दी थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शिकायत में अनुचित तरीके से छूने और धक्का देने का आरोप लगाया गया है।
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में कहा है कि महिला पत्रकारों की शिकायतें प्राप्त हुई हैं और निष्पक्ष जांच के लिए उन्हें क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार शिकायतों को विस्तृत जांच के लिए क्राइम ब्रांच को भेजा गया है।
फिलहाल आरोपों की जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।