नई दिल्ली, 19 नवंबर। मध्य जिला पुलिस की सटीक जांच और प्रभावी पैरवी के चलते स्कूटी चोरी के मामले में आरोपी को सजा दिलाई गई है।
तीस हजारी कोर्ट की माननीय न्यायाधीश सुश्री राशि रहेजा, जेएमएफसी-13, मध्य जिला ने आरोपी मोनीश (34) को धारा 305(बी) बीएनएस के तहत दोषी ठहराया। अदालत ने 13 नवंबर को उसे 1 साल 6 माह के साधारण कारावास और 5,000 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना न भरने पर उसे 30 दिन की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।
3 दिन में ही पकड़ा गया था आरोपी
मामला 21 अप्रैल 2025 की रात का है। चावड़ी बाजार स्थित कुचा मीर आशिक में शिकायतकर्ता के घर के बाहर से स्कूटी चोरी हो गई थी। इस पर 26 अप्रैल 2025 को थाना जामा मस्जिद में ई-एफआईआर नंबर 11489/2025 दर्ज की गई।
तत्कालीन एसएचओ इंस्पेक्टर आदेश प्रकाश और तत्कालीन एसीपी/दरियागंज कमल शर्मा के पर्यवेक्षण में एचसी बलजीत सिंह (आईओ), एचसी जगदीप और कांस्टेबल अशोक की टीम गठित की गई। सीसीटीवी विश्लेषण और मानवीय सूचना के आधार पर टीम ने एफआईआर दर्ज होने के महज तीन दिन बाद 29 अप्रैल 2025 को आरोपी को चावड़ी बाजार से गिरफ्तार कर लिया था।
गिरफ्तारी से खुले 4 और चोरी के मामले
आरोपी की गिरफ्तारी से मोटर वाहन चोरी के चार अन्य मामले भी सुलझ गए। इनमें थाना कमला मार्केट का ई-एफआईआर नंबर 11645/2025, थाना हौज काजी का ई-एफआईआर नंबर 6554/2025, थाना कोतवाली का ई-एफआईआर नंबर 31162/2024 और थाना हौज काजी का ई-एफआईआर नंबर 11670/2025 शामिल है।
ई-साक्ष्य से मजबूत हुई पैरवी
जांच में वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन और डिजिटल दस्तावेजीकरण किया गया। बरामदगी और जब्ती की कार्यवाही धारा 105 बीएनएसएस के तहत ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से ऑडियो-वीडियो रिकॉर्ड की गई, जिससे साक्ष्य और मजबूत हुए।
ट्रायल के दौरान राज्य की ओर से एलडी एपीपी मनीष बंसल ने गवाहों की व्यवस्थित परीक्षा और दस्तावेजी व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के माध्यम से अभियोजन पक्ष को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
मध्य जिला पुलिस ने कहा कि यह सजा त्वरित जांच, तकनीक आधारित विवेचना, वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन और प्रभावी अभियोजन के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।