डीबीजी रोड पर डीटीसी बस का कहर, एक की मौत, 4 घायल

नई दिल्ली। मध्य दिल्ली के डीबीजी रोड पर शनिवार सुबह करीब 10:15 बजे एक तेज रफ्तार डीटीसी बस ने कई वाहनों को टक्कर मार दी।

पुलिस के अनुसार, टी-प्वाइंट डीबीजी रोड-राम स्वरूप विद्यार्थी मार्ग, मिलिट्री रोड, आनंद पर्वत बस स्टैंड, रूट नंबर 212 पर डीटीसी बस संख्या DL-1PD- ने दो स्कूटी (DL-3S- और DL-11-****), एक बाइक, एक ई-रिक्शा और एक रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार अतुल भारद्वाज (40) निवासी रानीखेड़ा की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ पीछे बैठे भूषण कुमार (38) निवासी प्रेम नगर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में दूसरी स्कूटी के चालक राकेश (48) निवासी बापा नगर, रिक्शा चालक ध्रुव कुमार मिश्रा (56) निवासी भागलपुर, बिहार और बजाज फ्रीडम मोटरसाइकिल DL8S* के चालक दीपक (34) निवासी शकूरपुर को भी चोटें आई हैं।

मृतक के शव को पीसीआर स्टाफ ने एलएचएमसी अस्पताल भिजवाया, जबकि घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से एलएचएमसी और जीवन माला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

डीबीजी रोड थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मौके से फरार हुई बस की महिला चालक रेणु बाला (26) निवासी फतेहाबाद, हरियाणा को हिरासत में ले लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *