नई दिल्ली। त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ती भीड़ और जाम की समस्या को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस, सेंट्रल रेंज ने अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। कोतवाली ट्रैफिक सर्कल के अंतर्गत आने वाले चार महत्वपूर्ण मार्गों – एचसी सेन मार्ग, बुलेवार्ड रोड, हैमिल्टन रोड और लोथियन रोड पर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार ये चारों सड़कें मध्य दिल्ली के प्रमुख बाजारों के लिए गेटवे का काम करती हैं, जहां वाहनों और पैदल यात्रियों की भारी आवाजाही रहती है। इन मार्गों पर अतिक्रमण से न सिर्फ स्थानीय यातायात बाधित होता है, बल्कि आसपास की सड़कों पर भी जाम का असर फैल जाता है।
अभियान में क्या हुआ
विशेष अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए –
- 121 चालान किए • 64 रेहड़ी-पटरी हटाई गईं • सार्वजनिक जगह घेरकर रखा गया 23 सामान जब्त किया गया • 2 वाहन जब्त किए गए
अभियान का मुख्य फोकस सड़क को खाली कराना, अवरोधों को हटाना और वाहनों व पैदल यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करना था।
ट्रैफिक पुलिस (सेंट्रल रेंज) के डीसीपी के. रमेश ने बताया कि त्योहारों के दौरान खरीदारों और आम लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके, इसके लिए यह कार्रवाई की गई है। सेंट्रल रेंज प्रमुख बाजारों के अप्रोच रूट पर अतिक्रमण और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ लगातार प्रवर्तन अभियान जारी रखेगी।
पुलिस ने व्यापारियों, रेहड़ी-पटरी वालों और आम लोगों से अपील की है कि सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखें और यातायात नियमों का पालन कर सभी के लिए सुरक्षित और जाम-मुक्त आवाजाही में सहयोग करें।