नई दिल्ली : बिंदापुर थाना पुलिस ने एक कुख्यात चोर को गिरफ्तार कर चोरी के 5 मामलों का खुलासा किया है। आरोपी के पास से सोने-चांदी के जेवरात और 5 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर की सुबह बिंदापुर में एक घर से मोबाइल फोन और जेवरात चोरी होने की पीसीआर कॉल मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने आसपास के 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक युवक रात में घर में घुसता और कुछ देर बाद निकलता दिखा।
जांच में आरोपी की पहचान बलराम उर्फ बबलू उर्फ अविनाश (31) के रूप में हुई। 10 नवंबर की सुबह गुप्त सूचना पर पुलिस ने उसे डीडीए फ्लैट्स, बिंदापुर के पास से दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से 5 मोबाइल, 1 सोने की अंगूठी, 2 जोड़ी सोने की बालियां, 1 सोने का लॉकेट, 5 चांदी की पायल, 1 चांदी का सिक्का और 1 चांदी की चेन बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने जेवरात दो दिन पहले भगवती विहार, बिंदापुर से चुराए थे, जबकि मोबाइल अलग-अलग जगहों से चुराए थे। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी व झपटमारी करता है। वह बिंदापुर थाने का बीसी (बैड कैरेक्टर) है और उस पर चोरी, सेंधमारी, झपटमारी व आर्म्स एक्ट के 14 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह कई बार जेल भी जा चुका है।
यह कार्रवाई डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह के निर्देश पर एसएचओ वेद प्रकाश के पर्यवेक्षण और एसीपी डाबड़ी हरनीत सिंह सूदन के मार्गदर्शन में की गई। टीम में एचसी नीरज, एचसी राजेश, कांस्टेबल राजेश और कांस्टेबल आशीष शामिल थे।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।