नई दिल्ली, 20 नवंबर। रोहिणी जिला पुलिस के परसेप्शन मैनेजमेंट सेल ने सर्वोदय कन्या विद्यालय, कुतुबगढ़ में छात्र जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में करीब 1200 छात्राओं और 49 शिक्षकों ने हिस्सा लिया।
डीसीपी रोहिणी शशांक जायसवाल के निर्देश और एडिशनल डीसीपी विनय माथुर के मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यक्रम एसीपी भास्कर शर्मा के नेतृत्व में हुआ। पहली से 12वीं कक्षा तक के लिए दो सत्रों में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में छात्राओं को निर्भीक पहल के तहत गुड टच-बैड टच, साइबर क्राइम व ऑनलाइन सुरक्षा, महिला सुरक्षा, यातायात नियम, सड़क सुरक्षा और नशा मुक्ति के बारे में जागरूक किया गया। इसके लिए शिक्षाप्रद फिल्में, जागरूकता व्याख्यान, इंटरैक्टिव क्विज और आत्मरक्षा प्रदर्शन का सहारा लिया गया।
एसीपी भास्कर शर्मा ने विस्तृत जागरूकता व्याख्यान दिया। प्रैक्टिकल प्रदर्शन और प्रश्नोत्तर सत्र में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागी छात्राओं को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित भी किया गया।
कार्यक्रम का समन्वय परसेप्शन मैनेजमेंट सेल के प्रभारी एसआई मनीष मधुकर ने एचसी संतोष, एचसी कीमती, कांस्टेबल गीता और साइबर थाने के एचसी अनिल के साथ किया।