गेस्ट हाउसों पर एमसीडी का शिकंजा, चौथी मंजिल पर नहीं चलेगा कारोबार

नई दिल्ली। दिल्ली में गेस्ट हाउस और लॉजिंग-बोर्डिंग प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों को लेकर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने सख्ती शुरू कर दी है। निगम के जनस्वास्थ्य विभाग ने आदेश जारी कर सभी संचालकों को भवन उपनियमों और अग्नि सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

आदेश के अनुसार, 12 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाली इमारतों में चल रहे गेस्ट हाउस के लिए अग्निशमन विभाग से जारी वैध अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र (एफएससी) अनिवार्य होगा। बिना प्रमाणपत्र के प्रतिष्ठान चलाना या अवधि समाप्त होने के बाद नवीनीकरण न कराना गंभीर उल्लंघन माना जाएगा।

वहीं, 12 मीटर से कम ऊंचाई वाली इमारतों को एफएससी से छूट दी गई है। लेकिन उन्हें भी आग से बचाव के बुनियादी इंतजाम, स्पष्ट निकास मार्ग और काम करने वाले अग्निशामक यंत्र रखने होंगे।

सबसे बड़ा फैसला चौथी मंजिल को लेकर लिया गया है। अब किसी भी परिस्थिति में चौथी मंजिल या उससे ऊपर गेस्ट हाउस, ठहरने की व्यवस्था, स्वागत कक्ष या कोई अन्य व्यावसायिक गतिविधि नहीं चलाई जा सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *