माननीय प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन के अवसर पर टॉप-20 छात्रों ने भरी आसमान में उड़ान, आयुक्त पुलिस, दिल्ली से की मुलाकात

पहली बार हवाई सफर पर निकले मेधावी छात्रों का श्री अनुराग कुमार, आयुक्त पुलिस, दिल्ली ने बढ़ाया हौसला

माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर कैलाश नगर राजकीय सर्वोदय बाल विद्यालय के टॉप-20 मेधावी छात्रों के लिए गुरुवार का दिन यादगार बन गया। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले इन छात्रों ने पहली बार हवाई जहाज में बैठकर दिल्ली से लखनऊ के लिए उड़ान भरी। उड़ान भरने से पहले छात्रों ने दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचकर श्री अनुराग कुमार, आयुक्त पुलिस, दिल्ली से मुलाकात की। आयुक्त पुलिस, दिल्ली ने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की ।

बच्चों से बातचीत के दौरान श्री अनुराग कुमार, आयुक्त पुलिस, दिल्ली ने दोस्ताना अंदाज में उनसे पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में बातचीत की। उन्होंने छात्रों को जीवन में लगातार मेहनत और लगन से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। बातचीत के दौरान उन्होंने लखनऊ से जुड़े कई दिलचस्प किस्से भी बच्चों को सुनाए। पहली बार हवाई सफर पर जा रहे छात्रों को उन्होंने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत और लगन के दम पर वे जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।

समाज सेवी संस्था अधिकार मंच (रजि.) और कैलाश नगर स्कूल के पूर्व छात्रों की मदद से इन टॉप-20 छात्रों को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन के अवसर पर पहली बार हवाई यात्रा का अवसर मिला है। इनमें कई छात्र बेहद साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं। सीमित संसाधनों और तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद इन छात्रों ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर कक्षा में शीर्ष स्थान हासिल किया है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *