दिल्ली में धारा 163 लागू, जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले सुरक्षा सख्त

नई दिल्ली, 10 अक्टूबर: सीजेपी द्वारा आज जंतर मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि इस प्रदर्शन को कोई अनुमति नहीं दी गई है। एहतियात के तौर पर मध्य दिल्ली में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू कर दी गई है और 57 मेट्रो स्टेशनों को बंद किया गया है।

पुलिस द्वारा निषेधाज्ञा लागू किए जाने के बावजूद कॉकरोच जनता पार्टी के लगभग 150 कार्यकर्ताओं ने जंतर मंतर की ओर पहुंचने की कोशिश की, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार इस प्रदर्शन को देखते हुए सुबह से ही कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। आज सुबह गुरुग्राम से ध्रुव राठी को हिरासत में लिया गया, वहीं एयरपोर्ट पर अभिजीत दीपके, आशुतोष रंका और सौरभ दास को हिरासत में लिया गया।

दिल्ली पुलिस ने जंतर मंतर जाने वाले सभी रास्तों को सील कर दिया है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले रास्तों पर थाना नबी करीम पुलिस की विशेष निगरानी रही। पुलिस ने स्टेशन जाने वाले यात्रियों को पूछताछ के बाद ही आगे जाने दिया। पुलिस का कहना है कि यह सुनिश्चित किया जा रहा था कि कोई भी व्यक्ति यात्रियों की आड़ में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन होते हुए जंतर मंतर तक न पहुंच सके। जांच के दौरान जिन लोगों पर शक हुआ और जो धारा 163 का उल्लंघन करते पाए गए, उन्हें हिरासत में लिया गया है।

फिलहाल मध्य दिल्ली में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *