दिल्ली के रघुबीर नगर में घर में लगी आग, महिला की मौत, बहू गंभीर

नई दिल्ली, 21 नवंबर। ख्याला थाना क्षेत्र के रघुबीर नगर में शनिवार दोपहर एक मकान में आग लगने से 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा और बहू झुलस गए।

पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 12:05 बजे बी-2 स्कूल के पास एक आवासीय भवन में आग लगने और कुछ लोगों के फंसे होने की पीसीआर कॉल मिली। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

जांच में पता चला कि आग टैक्सी चालक धर्मेंद्र के घर में लगी थी। उस समय घर में धर्मेंद्र की पत्नी सुनीता (55), बेटा ध्रुव (21) और बहू नीति उर्फ निक्कू (21) मौजूद थे।

स्थानीय लोगों ने ध्रुव और नीति को पहले ही गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल पहुंचा दिया था। सुनीता कमरे में फंसी हुई थीं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से हथौड़े से दीवार तोड़कर उन्हें बाहर निकाला और ईआरवी से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस बीच दो दमकल गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। कैट्स एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। ध्रुव को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि नीति को सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है। सुनीता का शव डीडीयू अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

ध्रुव ने बताया कि उसे नहीं पता आग कैसे लगी, आग तेजी से फैल गई। पत्नी की चीख सुनकर वह बालकनी से उसे बचाने दौड़ा, लेकिन तेज लपटों के कारण मां को नहीं बचा सका।

क्राइम टीम और एफएसएल टीम को मौके के निरीक्षण के लिए बुलाया गया है। आग लगने के सही कारणों का पता फोरेंसिक व इलेक्ट्रिकल जांच से चलेगा। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *