दिल्ली के बेगमपुर में रोहिणी जिला पुलिस ने 24 घंटे में हत्या का किया खुलासा, पति-पत्नी गिरफ्तार

नई दिल्ली। बेगमपुर थाना पुलिस और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम ने हत्या के मामले को महज 24 घंटे में सुलझाते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

शशांक जयसवाल डीसीपी रोहिणी जिला के मुताबिक 27 नवंबर को थाना बेगमपुर में पीसीआर कॉल मिली कि राजीव नगर में रेखा (44) की हत्या कर दी गई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को एसजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस पर थाना बेगमपुर में एफआईआर नंबर 539/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी बेगमपुर सार्थक त्यागी के पर्यवेक्षण में एसएचओ बेगमपुर इंस्पेक्टर राजीव रंजन और इंस्पेक्टर संदीप गोदारा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम में एसआई जगदीप, एसआई मोहित, एसआई करमबीर सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

जांच के दौरान मोबाइल क्राइम टीम और एफएसएल रोहिणी टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। तकनीकी निगरानी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी अमित (36) और उसकी पत्नी सुमन (36) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों सोनीपत, हरियाणा के रहने वाले हैं। अमित प्राइवेट ड्राइवर है, जबकि सुमन हरियाणवी कलाकार है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतका और आरोपियों के बीच पारिवारिक विवाद को लेकर पुरानी रंजिश थी, जिसके चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *