MCD सदर पहाड़ गंज जोन ने अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अवैध कब्जों के साथ साथ सड़क किनारे 40 से जायदा झुग्गियों को हटा दिया है। इसके अलावा 245 सामान भी जब्त कर लिए। अधिकारियों की मानें तो अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी एमसीडी की कार्रवाई जारी रहेगी।
दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि आजाद मार्केट, पुल मिठाई समेत अन्य स्थानों पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों पर ऐक्शन लेते हुए दिल्ली नगर निगम के अतिक्रमण विरोधी दस्ते की ओर से उक्त कार्रवाई की गई।
गौरतलब है कि निगम की ओर से अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार कार्रवाई देखी जा रही है। बताया जाता है कि हाल फिलहाल में दिल्ली के सदर बाजार, सिविल लाइंस और चांदनी चौक वार्डों से भी अवैध कब्जों को हटाया गया है।
इसके अलावा शहादरा उत्तरी जोन में भी 20 किलोमीटर दूरी तक सड़क से अस्थाई अतिक्रमण हटाया गया है। निगम प्रशासन की रखरखाव विभाग सामान्य ब्रांच और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम की ओर से कार्रवाई की गई। इसके अलावा दयालपुर में भी अवैध निर्माण और खतरनाक इमारतों की पहचान की जा रही है।
अधिकारियों की मानें तो शहादरा उत्तरी और दक्षिणी जोन में मिलाकर 140 से अधिक अवैध निर्माण और खतरनाक इमारतों की पहचान की गई है। इस तरह इन पर भी ऐक्शन की तलवार लटक रही है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अवैध अतिक्रमण के खिलाफ निगम की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।