AATS की बड़ी कार्रवाई: हथियार सप्लायर गिरफ्तार, पिस्टल और कारतूस बरामद

नई दिल्ली: ईस्ट जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) ने अवैध हथियार सप्लाई के नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए एक बदमाश को गिरफ्तार किया है।

पकड़े गए आरोपी की पहचान तनुज उर्फ लैंटर (25), निवासी कल्याण पुरी, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने इसके कब्जे से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

राजीव कुमार डीसीपी पूर्वी जिला के अनुसार, 18 अगस्त को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गाजीपुर के पेपर मार्केट, मुल्ला कॉलोनी, IFC के पास अवैध हथियार लेकर सप्लाई देने आ रहा है। इंस्पेक्टर प्रमोद के नेतृत्व में SI विक्रम सिंह, ASI नीरज, प्रवीण, राजीव, अजय और HC विक्रांत की टीम ने जाल बिछाकर उसे दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ थाना गाजीपुर में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हथियार हरियाणा के फरीदाबाद से लाया था और डिलीवरी देने जा रहा था। आरोपी 11वीं तक पढ़ा है और वेटर का काम करता है। उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी है – पहले से ही हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के 2 मामले दर्ज हैं।

पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर हथियार के सोर्स और रिसीवर के बारे में पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *