DU छात्रसंघ चुनाव में ABVP की बड़ी जीत, उपाध्यक्ष पद पर NSUI की जीत

DU छात्रसंघ चुनाव में ABVP ने बड़ी जीत हासिल की है. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने अध्यक्ष पद समेत तीन सीटों पर कब्जा जमाया. शुक्रवार 19 सितंबर को आए नतीजों में कांग्रेस के भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने सिर्फ उपाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।

इस चुनाव में पिछली बार के मुकाबले NSUI को एक पद का नुकसान हुआ है. संगठन से अध्यक्ष पद भी चला गया. दिलचस्प है कि इस बार के चुनाव में सबसे अधिक वोट NSUI के उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार को मिले. उन्होंने 29339 वोट हासिल किए।

अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के आर्यन मान, सचिव पद पर कुणाल चौधरी और संयुक्त सचिव पद पर दीपिका झा ने जीत दर्ज की. वहीं उपाध्यक्ष पद पर उम्मीदवार गोविंद तंवर को हार का सामना करना पड़ा. तीनों ही पदों पर एबीवीपी के उम्मीदवार पहले राउंड से ही रुझानों में आगे चल रहे थे.

अध्यक्ष: आर्यन मान- 28841 वोट
उपाध्यक्ष: गोविंद तंवर- 20547 वोट
सचिव: कुणाल चौधरी- 23779 वोट
संयुक्त सचिव: दीपिका झा- 21825 वोट

एनएसयूआई की तरफ से उपाध्यक्ष पद पर उम्मीदवार राहुल झांसल को जीत मिली. वहीं अध्यक्ष पद पर उम्मीदवार जोसलिन नंदिता चौधरी, सचिव पद पर कबीर और संयुक्त सचिव पद पर लवकुश भड़ाना को हार का सामना करना पड़ा.

अध्यक्ष: जोसलिन नंदिता चौधरी- 12645 वोट
उपाध्यक्ष: राहुल यादव झांसल- 29339 वोट
सचिव: कबीर- 16177 वोट
संयुक्त सचिव: लवकुश भड़ाना- 17380 वोट

अध्यक्ष पद पर एसएफआई-आइसा गठबंधन के उम्मीदवार को 5385 और एनएसयूआई के बागी निर्दलीय उम्मीदवार को 5522 वोट मिले. उपाध्यक्ष पद पर एसएफआई-आइसा को 4163, सचिव पद पर 9535 और संयुक्त सचिव पद पर 8425 वोट मिले.

दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव के लिए गुरुवार को वोट डाले गए थे और मतदान में 39.45 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *