नई दिल्ली, 21 जून 2026
आईपी एस्टेट थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी शाहिद , दरियागंज निवासी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका नाबालिग साथी भी पकड़ा गया है। आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद कर ली गई है।
रोहित राजवीर सिंह आईपीएस डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के मुताबिक 18 जून 2026 को आईपी एस्टेट थाने में ई-एफआईआर संख्या 80050240/26 दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि फॉरेन पोस्ट ऑफिस/कोटला कट इलाके के पास स्कूटी सवार दो लोगों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया था। महिला ने वारदात में इस्तेमाल वाहन का आंशिक रजिस्ट्रेशन नंबर भी पुलिस को दिया था।
इस मामले के खुलासे के लिए इंस्पेक्टर नरेश कुमार, एसएचओ/आईपी एस्टेट की देखरेख और एसीपी कमला मार्केट राजीव भारद्वाज के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में एसआई विक्रम पॉल, एसआई अमित दहिया, एचसी जयवीर, एचसी नदीम, कांस्टेबल सुरेंद्र, कांस्टेबल दिनेश और कांस्टेबल राहुल शामिल थे।
टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और शिकायतकर्ता द्वारा बताए गए हुलिए से मिलती-जुलती नीले रंग की स्कूटी की पहचान की। तकनीकी सर्विलांस, स्थानीय खुफिया जानकारी और गुप्त सूचना के आधार पर स्कूटी को दरियागंज इलाके में ट्रेस किया गया। सटीक सूचना पर छापेमारी कर पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। इसके बाद उसके साथी (X) को भी पकड़ा गया, जो जांच में नाबालिग निकला। कानून के अनुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
लगातार पूछताछ में आरोपी शाहिद ने कबूल किया कि उसने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर 17 जून 2026 को कोटला कट इलाके में मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया था।
आरोपी की निशानदेही पर छीना गया मोबाइल फोन बरामद किया गया। वारदात में इस्तेमाल स्कूटी भी बरामद कर जब्त कर ली गई है। इसके अलावा, वारदात के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े, जो सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे कपड़ों से मेल खाते हैं, भी सबूत के तौर पर कब्जे में लिए गए हैं।
आरोपी शाहिद के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या वह अन्य इसी तरह के मामलों में शामिल रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।