नई दिल्ली, 12 सितंबर। ईस्ट जिला के साइबर थाने की टीम ने ऑनलाइन ठगी के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन म्यूल खाताधारकों को गिरफ्तार किया है।
डीसीपी ईस्ट राजीव कुमार के अनुसार, गुजरात के पाटन निवासी हुसेन चुनावाला ने NCRP पोर्टल पर शिकायत दी थी कि वाशिंग मशीन के स्पेयर पार्ट्स सस्ते में देने के नाम पर उनसे 1.50 लाख रुपये की ठगी की गई। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम ईस्ट जिले में एटीएम से निकाली गई थी। इस पर थाना साइबर, ईस्ट में FIR No. 71/2026 दर्ज की गई।
इंस्पेक्टर पवन यादव के नेतृत्व में SI अंशुल और सिपाही अर्जुन की टीम ने जांच के बाद शकरपुर निवासी विकास सोनी (22), नैतिक (21) और त्रिलोकपुरी निवासी सागर (31) को पकड़ा। आरोपी फरार साथी के कहने पर अपने खातों में ठगी की रकम मंगवाते थे और एटीएम से निकालकर कमीशन रखकर उसे दे देते थे।
पुलिस ने विकास सोनी से एक iPhone 13 बरामद किया है जिसमें अहम चैट मिली हैं। खातों से एक अन्य NCRP शिकायत भी जुड़ी मिली है। फरार साथी की तलाश जारी है।