नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में वकील और पुलिस के बीच चल रहा विवाद अब बड़ा रूप ले चुका है। इसी बीच दिल्ली पुलिस मुख्यालय ने सख्त रुख अपनाते हुए दो बड़े अधिकारियों का तबादला कर दिया है।
28 अक्टूबर 2026 को जारी तबादला आदेश के मुताबिक, शाहदरा जिले में तैनात ACP मनस्वी वशिष्ठ को गांधी नगर SDPO से हटाकर SPUWAC (Special Police Unit for Women and Children) में भेजा गया है। वहीं, शाहदरा थाने के SHO इंस्पेक्टर अरुण कुमार को भी हटाकर सिक्योरिटी यूनिट में ट्रांसफर किया गया है। दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपनी नई पोस्टिंग पर ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए हैं।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा विवाद 23 अक्टूबर को शाहदरा इलाके में शुरू हुआ था। आरोप है कि एक पार्किंग विवाद के दौरान अधिवक्ता ललित बंसल पर हमला हुआ, जिसमें उनके सिर में गंभीर चोट आई।
वकीलों का आरोप था कि पुलिस ने इस मामले में आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की। इसी शिकायत को लेकर जब वकीलों का एक समूह शाहदरा थाने पहुंचा, तो वहां माहौल और बिगड़ गया। वकीलों ने आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान ACP मनस्वी वशिष्ठ ने उन पर रिवॉल्वर तान कर धमकाया।
वहीं दूसरी तरफ ACP की तरफ से भी वकीलों पर थाने में हंगामा और बदसलूकी करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई गई है।
इस घटना के बाद से शाहदरा जिला अदालत के वकीलों में भारी आक्रोश है और वे लगातार हड़ताल और विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। वकीलों की मांग थी कि दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
माना जा रहा है कि वकीलों के बढ़ते दबाव और मामले को शांत करने के लिए ही दिल्ली पुलिस ने यह बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है।