नई दिल्ली, 27 जून 2026
मध्य जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने तुर्कमान गेट दंगा मामले में लंबे समय से फरार चल रहे भगोड़े अपराधी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी न्यायिक प्रक्रिया से बच रहा था और माननीय न्यायालय द्वारा भगोड़ा घोषित किया जा चुका था।
मध्य जिला पुलिस द्वारा भगोड़े अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। इंस्पेक्टर संदीप यादव, प्रभारी स्पेशल स्टाफ की देखरेख और एसीपी ऑपरेशन्स पदम सिंह राणा के समग्र पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
टीम में एएसआई प्रताप, हेड कांस्टेबल मुनेश, हेड कांस्टेबल विकास, कांस्टेबल सूरजपाल और कांस्टेबल नितिन शामिल थे। विशेष अभियान के दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि भगोड़ा साजिद इकबाल चांदनी महल क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए छापेमारी दल ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को दबोच लिया।
रिकॉर्ड की जांच में पता चला कि आरोपी साजिद इकबाल, उम्र 58 वर्ष, निवासी तुर्कमान गेट , 07 जनवरी 2026 को दर्ज तुर्कमान गेट दंगा मामले में वांछित था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को 23.जून 2026 को संबंधित न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
डीसीपी मध्य जिला रोहित राजबीर सिंह, IPS ने बताया कि मध्य जिला पुलिस द्वारा भगोड़े अपराधियों और फरार बदमाशों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है। स्थानीय खुफिया जानकारी और त्वरित पुलिस कार्रवाई के आधार पर यह गिरफ्तारी की गई है।
तुर्कमान गेट दंगा मामला मध्य जिले का संवेदनशील केस माना जाता है। आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी और न्यायिक प्रक्रिया से बच रहा था।