रिपोर्ट: अपराध संवाददाता
नई दिल्ली, 26 जून 2026
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नशा तस्करों और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए गए “ऑपरेशन कवच-14.0” के तहत पुलिस ने 48 घंटे में रिकॉर्ड कार्रवाई की है। यह विशेष अभियान 22 जून 2026 को शाम 6 बजे से 24 जून 2026 शाम 6 बजे तक दिल्ली के सभी 15 जिलों में चलाया गया।
48 घंटे का महाअभियान: एक नजर में
क्राइम ब्रांच, स्पेशल सेल समेत सभी जिलों की 1474 पुलिस टीमों ने एक साथ 4035 स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान:
- एनडीपीएस एक्ट: 212 मामले दर्ज कर 255 नशा तस्कर गिरफ्तार। भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद — 237.466 किलो गांजा, 5.184 किलो ओजी गांजा, 1.096 किलो हेरोइन, 159.8 ग्राम कोकीन, 366.48 ग्राम चरस, 101.1 ग्राम एमडीएमए, 186 ग्राम मेथामफेटामाइन, 2640 बुप्रेनॉर्फिन टैबलेट, 287 फेनिरामाइन इंजेक्शन और 23,27,324 रुपये नकद। • आर्म्स एक्ट: 315 मामलों में 329 आरोपी गिरफ्तार। 6 पिस्टल, 90 देसी कट्टे, 147 जिंदा कारतूस, 242 चाकू और 1 मैगजीन बरामद। • आबकारी अधिनियम: 398 मामले दर्ज, 405 आरोपी गिरफ्तार। 53,448 क्वार्टर अवैध शराब, 47 शराब की बोतलें, 98 बीयर बोतलें और 175 बीयर कैन जब्त। सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने पर 4498 लोगों पर कार्रवाई। • जुआ अधिनियम: 335 मामलों में 659 आरोपी गिरफ्तार, 8,03,265 रुपये नकद बरामद। • अन्य कार्रवाई: 49 भगोड़े अपराधी, 55 ऑटो लिफ्टर गिरफ्तार कर 60 वाहन बरामद। डीपी एक्ट के तहत 4708 वाहन जब्त। निवारक कार्रवाई भी तेज
अपराध रोकने के लिए बीएनएसएस की धारा 126/170 के तहत 1900 लोगों को गिरफ्तार किया गया। 444 व्यक्तियों को निवारक हिरासत में लिया गया और डीपी एक्ट की धारा 65 के तहत 60,806 लोगों को हिरासत में लिया गया। 5977 हिस्ट्रीशीटरों की जांच की गई, जिनमें 28 का पता लगाया गया। कोटपा के तहत 8768 उल्लंघनकर्ताओं पर चालान हुआ।
208 हॉटस्पॉट पर कार्रवाई की गई और 1429 पार्क/सार्वजनिक शौचालयों में कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन चलाया गया। 397 नशा तस्करों की जांच में 231 मौके पर मिले, 118 न्यायिक हिरासत में थे और 48 फरार पाए गए। 161 विदेशी नागरिकों की जांच के बाद 21 के खिलाफ निर्वासन प्रक्रिया शुरू की गई।
बड़ी बरामदगी 1. एएनटीएफ, क्राइम ब्रांच: निपुण लाकड़ा और निशांत कुमार से 5.223 किलो ओजी गांजा, 364 ग्राम चरस, 28 ग्राम कोकीन, 31.39 ग्राम एमडीएमए, एक मैगजीन व 6 कारतूस और 4,27,900 रुपये नकद बरामद। 2. आईएसबीटी कश्मीरी गेट: सत्यम नामक तस्कर से स्प्लेंडर बाइक की स्पीडोमीटर कैविटी से 122 ग्राम कोकीन बरामद। 3. नरेला: अभिषेक, बब्लू और साहिल @ अजीम से स्विफ्ट कार में 262 ग्राम हेरोइन बरामद। 4. नरेला इंडस्ट्रियल एरिया: समीर से 276.25 ग्राम हेरोइन, 5,050 रुपये नकद और आईफोन बरामद। 5. कालिंदी कुंज: ट्रक में बनी विशेष चेंबर से 183 किलो गांजा बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार। “जीरो टॉलरेंस” की नीति
स्पेशल सीपी (क्राइम) एवं एएनटीएफ प्रमुख एचजीएस धालीवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “नशामुक्त भारत” के विजन और गृहमंत्री अमित शाह के निर्देशों पर दिल्ली पुलिस “जीरो टॉलरेंस” नीति पर काम कर रही है। उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू और पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है।
2026 में 31 मई तक दिल्ली पुलिस 1418 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर 23.3 किलो हेरोइन, 1653.2 किलो गांजा, 11 किलो अफीम सहित भारी मात्रा में नशा जब्त कर चुकी है।
ऑपरेशन कवच का असर
पुलिस के अनुसार, लगातार हो रही कार्रवाई से बड़े तस्कर भूमिगत हो गए हैं। अब गांजा बड़े ट्रकों की जगह कारों और ट्रेनों से छोटी खेप में लाया जा रहा है। कई तस्करों ने दिल्ली से बाहर नोएडा आदि में गोदाम बना लिए हैं।
अपील: दिल्ली पुलिस ने अभिभावकों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की है। “ऑपरेशन कवच” का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के जाल से बचाना है।