कानून से बच नहीं सकते: मध्य जिला पुलिस एंटी-नारकोटिक्स सेल ने दो भगोड़ों को दबोचा

नई दिल्ली, 3 जुलाई 2026

मध्य जिले की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने भगोड़े अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो अलग-अलग कार्रवाइयों में दो उद्घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी लंबे समय से अदालती कार्यवाही से बचकर सजा से भाग रहे थे।


एसीपी पदम सिंह राणा के समग्र पर्यवेक्षण और इंस्पेक्टर राहुल अधिकारी के नेतृत्व में एएसआई हमेंदर, एएसआई मनीष, महिला कांस्टेबल हिमांशी और हेड कांस्टेबल अनुज कुमार की विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने स्थानीय खुफिया जानकारी और लगातार मैनुअल निगरानी के जरिए दोनों फरार आरोपियों को ट्रेस किया।

पहली कार्रवाई: वाहन चोर इमरान खान गिरफ्तार
2 जुलाई 2026 को टीम को जामा मस्जिद इलाके में उद्घोषित अपराधी इमरान खान की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली। तुरंत छापेमारी कर 30 वर्षीय इमरान खान, निवासी जामा मस्जिद, को गिरफ्तार कर लिया गया।

रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि आरोपी को 30 जून 2026 को माननीय अदालत सुश्री निधि बाला, जेएमएफसी-05, तीस हजारी कोर्ट, दिल्ली द्वारा MVT ई-एफआईआर संख्या 043070/2019, धारा 379/411 आईपीसी, थाना दरियागंज के मामले में भगोड़ा घोषित किया गया था। आरोपी के खिलाफ पहले भी थाना जामा मस्जिद और दरियागंज में चोरी तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत चार मामले दर्ज हैं।

दूसरी कार्रवाई: अनीता भी धराई
इसी दिन 2 जुलाई को दूसरी सूचना पर टीम ने दूसरे पुस्ता, उस्मानपुर में छापा मारकर 32 वर्षीय अनीता, निवासी लोनी, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया।

अनीता को 29 जनवरी 2026 को माननीय अदालत श्री वैभव गर्ग, जेएमएफसी-11, मध्य जिला, दिल्ली द्वारा एफआईआर संख्या 08/2014, धारा 452/342/332/406/34 आईपीसी, थाना कश्मीरी गेट के तहत भगोड़ा घोषित किया गया था। यह मामला घर में जबरन घुसने, गलत तरीके से बंधक बनाने और लोक सेवक पर हमले से जुड़ा है।


डीसीपी रोहित राजबीर सिंह, आईपीएस, मध्य जिला ने बताया कि भगोड़े अपराधियों और जिलाबदर लोगों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है। दोनों आरोपियों को सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद गिरफ्तार किया गया है। एंटी-नारकोटिक्स सेल की इस सफलता से साफ है कि कानून से भागने वाला ज्यादा दिन बच नहीं सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *