नई दिल्ली, 24 जुलाई। राजधानी में जारी छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। विभाग ने अगले आदेश तक सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं। अब केवल आपातकालीन परिस्थितियों में ही छुट्टी स्वीकृत की जाएगी।
पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जिलों के डीसीपी और थानाध्यक्षों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान उपद्रव करने वालों की पहचान सीसीटीवी और वीडियो फुटेज के आधार पर की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी तरह की अफवाह या हिंसा फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।