दिल्ली के आनंद पर्वत हत्या प्रयास मामले में फरार मुख्य आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली, 30.09.2026

मध्य जिला के आनंद पर्वत थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल खून से सना चाकू भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्णा उर्फ साहिल (19), निवासी पंजाबी बस्ती, बलजीत नगर के रूप में हुई है। इस गिरफ्तारी के साथ ही इस केस में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार / निरुद्ध किया जा चुका है।


बीते 17 सितंबर 2026 को दोपहर के समय शिकायतकर्ता का कंधा एक लड़के से टकरा गया था, जिस पर कहासुनी के बाद शिकायतकर्ता ने उसे थप्पड़ मार दिया था। पुलिस के मुताबिक बदला लेने के लिए शाम करीब 7:30 बजे वही लड़का अपने दो साथियों के साथ लौटा और शिकायतकर्ता पर हमला कर दिया। हमले में शिकायतकर्ता के पेट में चाकू लगने से वह घायल हो गया। इस संबंध में थाना आनंद पर्वत में FIR No. 521/2026, धारा 109(1)/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही एक आरोपी आर्यन (20) को गिरफ्तार और एक विधि विवादित किशोर को निरुद्ध कर लिया था। मुख्य आरोपी कृष्णा उर्फ साहिल वारदात के बाद से फरार था।

एसीपी करोल बाग के पर्यवेक्षण और एटीओ थाना आनंद पर्वत के नेतृत्व में SI गौरव, HC महेंद्र और Ct. दारा सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शिव मंदिर, पंजाबी बस्ती, आनंद पर्वत के पास से आरोपी को दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *