दिल्ली के गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के पास 1.5 करोड़ की हथियार के बल पर लूट

नई दिल्ली, 8 सितंबर।

राजधानी में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। बाहरी रिंग रोड पर गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के पास रविवार शाम करीब 7:30 बजे 1.5 करोड़ रुपये की सशस्त्र लूट की वारदात सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता अपने एक साथी के साथ ऑटो-रिक्शा से चांदनी चौक से सफदरजंग एन्क्लेव की ओर जा रहा था। उनके पास 1.5 करोड़ रुपये कैश से भरा बैग था। जैसे ही ऑटो गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के पास पहुंचा, मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने ऑटो को रोक लिया। एक बदमाश ने हथियार दिखाकर कैश से भरा बैग लूट लिया और तीनों ITO की तरफ फरार हो गए।

पूछताछ में शिकायतकर्ता ने बताया कि वह चांदनी चौक में पेमेंट कलेक्टर / डिलीवरी बॉय का काम करता है और उक्त रकम उसके मालिक की है।

इस संबंध में थाना दरियागंज में FIR No. 329/2026 दिनांक 08.09.2026 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए कई टीमें गठित की हैं। CCTV फुटेज और मैनुअल इनपुट के जरिए बदमाशों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *