दिल्ली के द्वारका जिले में अवैध शराब तस्करी पर बड़ी चोट, 850 पव्वों के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

नई दिल्ली। द्वारका जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “नशे पर लगाम, देश को सलाम !!” के तहत अवैध शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।

स्पेशल स्टाफ की टीम ने हरियाणा से दिल्ली लाई जा रही भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप पकड़ी है। पुलिस ने 01 कुख्यात शराब तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 17 पेटियों में रखे 850 पव्वे अवैध देसी शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति स्विफ्ट कार बरामद की है।


डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह, IPS के निर्देश पर जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल स्टाफ को लगातार कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

10.जुलाई 2026 की शाम को हेड कांस्टेबल देव प्रकाश को गुप्त सूचना मिली कि परवीन नामक व्यक्ति हरियाणा से दिल्ली में टैक्सी नंबर की स्विफ्ट कार में शराब की बड़ी खेप लेकर खैरा रोड, नजफगढ़ की तरफ आएगा। सूचना पर इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में खैरा मोड़, नजफगढ़ के पास जाल बिछाया गया और सूत्र के इशारे पर कार को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई।

आरोपी की पहचान परवीन पुत्र अजमेर, निवासी गांव बंडवारी, गुरुग्राम, हरियाणा उम्र 29 वर्ष के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हरियाणा से सस्ती शराब लाकर दिल्ली में महंगे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाता था। पुलिस को चकमा देने के लिए वह टैक्सी नंबर की कार का इस्तेमाल करता था।

इस संबंध में थाना छावला में FIR No. 251/2026, धारा 33/38/58(d) दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी पहले भी इसी तरह के मामले में FIR No. 204/26 थाना नजफगढ़ में गिरफ्तार हो चुका है।

यह सफलता ACP ऑपरेशंस सुभाष मलिक के पर्यवेक्षण में इंस्पेक्टर कमलेश कुमार, ASI रसमुद्दीन, HC बच्चू सिंह, HC देव प्रकाश और कॉन्स्टेबल परविंदर की टीम को मिली है।

पुलिस अब इस नेटवर्क के सोर्स और दिल्ली में इसके खरीदारों की तलाश में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *