नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के हृदय कहे जाने वाले पहाड़गंज इलाके में अवैध निर्माण का खेल बेखौफ जारी है। सूत्रों के अनुसार चूना मंडी, मैन बाजार पहाड़गंज, संगतराशन और शोरा कोठी की लगभग हर गली-कूचे में बिना नक्शा पास कराए धड़ल्ले से निर्माण कार्य चल रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि आवासीय इमारतों की आड़ में यहां अवैध रूप से होटलों का निर्माण किया जा रहा है। न तो नक्शा पास है, न ही सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा जा रहा है। तंग गलियों में चल रहे इस निर्माण से न सिर्फ अतिक्रमण बढ़ रहा है, बल्कि आगजनी जैसी किसी भी आपात स्थिति में बड़ा हादसा होने का खतरा भी बना हुआ है।
नगर निगम का बड़ा निर्देश
इधर, दिल्ली नगर निगम (MCD) ने मकान या इमारत बनाने वालों के लिए बड़ा निर्देश जारी किया है। निगम ने साफ किया है कि –
अब दिल्ली में किसी भी तरह के निर्माण, चाहे वह नया हो या पुराने भवन में फेरबदल, के लिए MCD से स्वीकृत नक्शा (Sanctioned Building Plan) होना अनिवार्य है।
बिना अनुमति के किए जा रहे किसी भी निर्माण को अवैध माना जाएगा और उस पर सीलिंग, तोड़फोड़ और भारी जुर्माने जैसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी निर्माण से पहले संबंधित जोनल कार्यालय से अनुमति अवश्य लें।
पहाड़गंज जैसे घनी आबादी वाले इलाके में हो रहे इन अवैध निर्माणों पर निगम कब कार्रवाई करेगा, यह बड़ा सवाल है।
क्या आपके इलाके में भी बिना नक्शे के अवैध निर्माण हो रहा है? यदि हां, तो आप MCD की हेल्पलाइन 155305 या MCD 311 ऐप पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।