नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी जिले के थाना न्यू उस्मानपुर पुलिस ने ऑटो लूट के मामले को सुलझाते हुए दो आरोपियों अर्पित उर्फ मटरू (22) और शोएब (22) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई को तड़के करीब 3 बजे शिकायतकर्ता शेख शब्बीर (47) ने शिकायत दी थी कि वह अपने ऑटो नंबर DL1RAA XXXX से दक्षिणी दिल्ली जा रहे थे। देहरादून एक्सप्रेस-वे पर 5वें पुस्ते से गीता कॉलोनी की तरफ आते समय तेज बारिश होने पर उन्होंने ऑटो चौथे पुस्ते के पास रोका। इसी दौरान तीन अज्ञात बदमाश सवारी बनकर ऑटो में बैठे और मारपीट कर उनका ऑटो, Vivo Y56 मोबाइल और 5 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
इस संबंध में थाना न्यू उस्मानपुर में FIR No. 505/26 u/s 309(6)/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से दो आरोपियों को दबोच लिया। लूटा गया ऑटो उसी दिन बरामद कर लिया गया था।
पूछताछ में दोनों ने जुर्म कबूल कर तीसरे साथी का नाम भी बताया है, जिसकी तलाश जारी है। फरार आरोपी और लूटे गए अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।