नई दिल्ली, 31 जुलाई।
दिल्ली पुलिस मुख्यालय के आदर्श ऑडिटोरियम में शुक्रवार को एक भव्य पिपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस दौरान सेवानिवृत्त हो रहे 202 पुलिस कर्मियों को उनके सेवाकाल के अंतिम दिन मानद पदोन्नति से सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता दिल्ली के पुलिस आयुक्त श्री अनुराग कुमार, आईपीएस ने की। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कांस्टेबल से लेकर सब-इंस्पेक्टर स्तर तक के सेवानिवृत्त कर्मियों को अगले उच्च पद के बैज लगाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके परिजनों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पुलिस की नौकरी सबसे अधिक चुनौतीपूर्ण और मांग भरी नौकरियों में से एक है, जहां हर दिन नई जिम्मेदारी और नई चुनौती सामने होती है। सभी कर्मियों ने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ राष्ट्र और दिल्ली पुलिस की सेवा की है।
पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों के परिवारों के त्याग को भी नमन किया। उन्होंने कहा कि ड्यूटी की व्यस्तता के कारण पुलिसकर्मी परिवार को कम समय दे पाते हैं, लेकिन परिजनों के सहयोग और धैर्य के कारण ही वे अपना कर्तव्य पूरी लगन से निभा पाए।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सेवानिवृत्ति के बाद अब सभी कर्मियों को अपने अधूरे सपनों और शौक को पूरा करने का भरपूर समय मिलेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी सेवानिवृत्त कर्मी हमेशा दिल्ली पुलिस परिवार का हिस्सा रहेंगे और संगठन हर जरूरत में उनके साथ खड़ा रहेगा।
किसे क्या मिला मानद रैंक –
इस समारोह में कुल 202 कर्मियों को मानद रैंक प्रदान किए गए –
- हेड कांस्टेबल से सहायक उप-निरीक्षक (ASI) – 07
- सहायक उप-निरीक्षक (ASI) से उप-निरीक्षक – 37
- उप-निरीक्षक से निरीक्षक – 158
समारोह के अंत में संयुक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) सुश्री सुमन गोयल, आईपीएस ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस मौके पर दिल्ली पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी, सम्मानित होने वाले कर्मी और उनके परिवारजन मौजूद रहे।