26 साल पुराना मर्डर केस सुलझा, दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने आरोपी को दबोचा

नई दिल्ली, 01 नवंबर 2026

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (सेंट्रल रेंज) को बड़ी कामयाबी मिली है। टीम ने साल 2000 में दर्ज हुए हत्या के मामले को सुलझाते हुए 26 साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है।

आरोपी की पहचान विश्वनाथ सिंह उर्फ विश्वनाथ चौहान उर्फ मुन्ना उर्फ फौजी (62), निवासी इटावा, यूपी के रूप में हुई है। वह थाना खजूरी खास के FIR No. 258/2000, धारा 302/506/34 IPC में वांछित था।

हादसा नहीं, हथौड़े से हत्या थी

पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर 1998 को जय प्रकाश (24) गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पहले इसे सड़क हादसा समझकर FIR No. 769/1998 थाना गोकलपुरी में दर्ज की गई थी। बाद में जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने सिर पर हथौड़े से वार कर हत्या की और इसे हिट एंड रन का रूप दे दिया। इसके बाद हत्या का नया केस दर्ज किया गया।

हत्या की वजह – अवैध संबंध का शक

जांच में सामने आया कि आरोपी और मृतक पड़ोसी थे। आरोपी को शक था कि मृतक का उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध है। इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया। आरोपी 05.12.2001 से भगोड़ा घोषित था।

ऐसे पकड़ा गया

क्राइम ब्रांच की टीम कई महीनों से आरोपी की तलाश में थी। इंस्पेक्टर सुनील कुमार कलखण्डे के नेतृत्व में टीम ने उसके पैतृक गांव इटावा से जांच शुरू की। पता चला कि वह दिल्ली में है। टीम ने उसके भाइयों पर नजर रखी। इसी दौरान शिव विहार में चोरी-छिपे मिलने आ रहे एक व्यक्ति पर शक हुआ, जो आरोपी ही निकला। 30 अक्टूबर को शिव विहार, सीलमपुर से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

फरारी के दौरान आरोपी पहचान छुपाकर फरीदाबाद, लोनी, इटावा और दिल्ली में मावा (खोया) मंडी का काम करता रहा। उसके दो बेटे शिव विहार में डेयरी चलाते हैं।

यह कार्रवाई ACP सतेन्द्र मोहन के निर्देशन में SI देवेंद्र अंतील, बीरपाल सिंह व अन्य टीम ने की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *