राजधानी दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में जज और वकीलों के बीच झगड़ा का मामला सामने आया है. अदालत की कोर्ट नंबर 212 में अतिरिक्त जिला जज (ADJ) श्री राकेश सिंह और बार एसोसिएशन के अध्यक्ष के बीच सुनवाई के दौरान तीखी बहस देखने को मिली, यह बहस इतनी गंभीर हो गई कि कथित रूप से गाली-गलौच और आपसी बदतमीजी तक की स्थिति बन गई. सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो ने न्यायपालिका की गरिमा और कोर्टरूम अनुशासन पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यह मामला एक वकील और जज के बीच विवाद से जुड़ा हुआ है।
बताया जा रहा है कि यह विवाद सुनवाई के दौरान किसी मुद्दे पर बहस के बीच शुरू हुआ. वीडियो में देखा जा सकता है कि कोर्ट में सभी वकील खड़े हैं. वहीं एक जज और वकील के बीच तेज आवाज में बहस हो रही है. जज और वकील दोनों एक-दूसरे पर चिल्ला रहे हैं. वकील ने कथित रूप से जज को नशेड़ी तक कह दिया. बहस इतनी बढ़ गई कि कोर्ट कर्मियों को बीच-बचाव करना पड़ा. वहीं इसको लेकर वायरल वीडियो में कैप्शन में लिखा है कि वकील न्याय व्यवस्था के जरूरी स्तंभ हैं. न्यायालय की गरिमा तभी बनी रह सकती है जब बार और बेंच के बीच सम्मान और संवेदनशीलता बनी रहे. अगर जज और वकील के बीच विवाद कोर्ट रूम में बढ़ता है, तो इसका असर न्याय की निष्पक्ष छवि पर पड़ता है. लोकतांत्रिक व्यवस्था में कोई भी पद जवाबदेही और शिष्टाचार से परे नहीं हो सकता है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में यह देखा जा सकता है कि जज कह रहे हैं, क्या बात है, वहीं वकील गुस्से में जवाब देते हैं, ये सही तरीका नहीं है. जज जवाब देते हैं, मैं नहीं करूंगा तो नहीं करूंगा, कंप्लेंट रद्द हो जाए. इसके बाद वकील कहते हैं, आप कोर्ट में शराब पीकर बैठते हो और धमकियां देते हो. जज जवाब देते हैं कि इल्जाम मत लगाओ. वकील कहते हैं, मैं आज ही हाई कोर्ट को ये भेज दूंगा. वीडियो में दोनों के बीच लगातार झगड़ा चलता रहता है और कोर्ट रूम में मौजूद अन्य वकील और कर्मचारी चुपचाप इसे सुनते रहते हैं।