नई दिल्ली, 07 अक्टूबर 2026
रोहिणी जिले की डिस्ट्रिक्ट इन्वेस्टिगेशन यूनिट (DIU) ने जाली भारतीय मुद्रा के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है।
डीसीपी रोहिणी शशांक जायसवाल के अनुसार, एसीपी ऑपरेशन अजमेर सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लगभग 10.50 लाख रुपये के 500-500 के जाली नोट और नोट छापने के उपकरण बरामद हुए हैं।
पुलिस को 30 सितंबर को प्रशांत विहार इलाके में जाली नोटों की सप्लाई की सूचना मिली थी। सूचना पर एसआई आशीष, एएसआई अरविंद कुमार और टीम ने जापानी पार्क के पास छापा मारकर तीन आरोपियों – पुष्कर राज पूर्बिया उर्फ डॉक्टर (56, जयपुर), गोसाई राम (22, बाड़मेर) और साहिल खरब (28, सोनीपत) को पकड़ा। इस संबंध में थाना प्रशांत विहार में FIR No. 282/26 धारा 179/180/181/3(5) BNS के तहत केस दर्ज किया गया।
पूछताछ और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर चौथे आरोपी नरेंद्र कुमार (31) को चुरू, राजस्थान से गिरफ्तार किया गया।
बरामदगी:
कुल 21 बंडल में 10.50 लाख के जाली नोट, 2 कलर प्रिंटर, 1 पेपर कटिंग मशीन, 1 नोट गिनने की मशीन, 2 लैपटॉप, 1 डेस्कटॉप, स्क्रीन प्रिंटिंग का सामान और हाई-सिक्योरिटी वाले ब्लैंक पेपर बरामद किए गए हैं।
पुलिस पूरे नेटवर्क की तह तक जाने के लिए आगे की जांच कर रही है।