राजा बंथिया, आईपीएस,पुलिस उपायुक्त,उत्तर जिला के मुताबिक, दिनांक 13.04.2026 को रात लगभग 10:54 बजे, थाना सराय रोहिल्ला में चाकू की नोक पर मोबाइल फोन लूटने की एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह दयाबस्ती स्थित एक फैक्ट्री में काम करता है। दिनांक 13.06.2026 की शाम वह काम से पैदल घर लौट रहा था। जब वह रिलैक्सो गली, दयाबस्ती, दिल्ली के पास पहुंचा, तो दो लड़कों ने उसे रोका और चाकू दिखाकर उसका मोबाइल फोन लूट लिया। इसके बाद दोनों आरोपी दयाबस्ती रेलवे स्टेशन की ओर पैदल भाग गए।
तत्काल, हरिवंश सिंह, एसीपी/सराय रोहिल्ला के मार्गदर्शन एवं इंस्पेक्टर विकास राणा की देखरेख में, एसआई तस्वीर (प्रभारी पुलिस चौकी इंद्रलोक) के नेतृत्व में एसआई ललित कुमार व एचसी नबीद की टीम गठित की गई। शिकायतकर्ता के बयान व पहचान के आधार पर आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस टीम के अथक प्रयासों और शिकायतकर्ता की मदद से कुछ ही घंटों में दोनों अपराधियों को रेलवे क्वार्टर, दयाबस्ती के पास से पकड़ लिया गया। इनकी पहचान बाल अपराधी (CCL) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान वारदात में इस्तेमाल एक चाकू और शिकायतकर्ता का लूटा गया वीवो Y12 मोबाइल फोन बरामद हुआ।
इसके बाद थाना सराय रोहिल्ला में एफआईआर संख्या 229/2026 धारा 309(4)/311/317(2)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की गई।
पकड़े गए बाल अपराधियों ने बताया कि वे दोनों दोस्त हैं और नशे के आदी हैं। नशे की लत पूरी करने के लिए वे पिछले 2-3 साल से अपराध कर रहे थे। कुछ दिन पहले उन्होंने एक राहगीर से चाकू खरीदा था और अपराध करने के लिए हमेशा चाकू साथ रखते थे।