नई दिल्ली, 23 अगस्त। राजधानी में पुलिस और जनता के बीच संवाद और विश्वास को मजबूत करने के लिए दिल्ली पुलिस का साप्ताहिक अभियान ‘थाना दिवस-जनसुनवाई’ लगातार जारी है।
दिल्ली पुलिस मुख्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शनिवार 22 अगस्त 2026 को दिल्ली के सभी 15 जिलों के थानों में थाना दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 1194 शिकायतों पर सुनवाई की गई।
जनसुनवाई के दौरान संयुक्त पुलिस आयुक्त (Jt. CP) और जिला डीसीपी स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद थानों में मौजूद रहकर लोगों की समस्याएं सुनीं। नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित और उचित कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
यह पहल माननीय उपराज्यपाल, दिल्ली, सरदार तरनजीत सिंह संधू के मार्गदर्शन में शुरू की गई है। योजना के तहत हर शनिवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक सभी थानों में जनसुनवाई की जा रही है।
दिल्ली के पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार, IPS के नेतृत्व में इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को अपनी बात रखने के लिए एक सुलभ और जवाबदेह मंच प्रदान करना है, ताकि पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर समन्वय और भरोसा कायम हो सके।