थाना गोकलपुरी की टीम ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए लूट की कई वारदातों में शामिल एक लुटेरे को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से अपराध में प्रयुक्त ऑटो-रिक्शा, लूटा गया पर्स जिसमें जरूरी दस्तावेज थे, और ₹4,000 नकद बरामद किए गए हैं। इस गिरफ्तारी से लूट के दो मामलों का खुलासा हुआ है।
राहुल अलवाल, डीसीपी , उत्तर-पूर्व जिला के मुताबिक 2 जुलाई को सुबह लगभग 6:20 बजे थाना गोकलपुरी में ऑटो-रिक्शा सवार व्यक्तियों द्वारा लूट की सूचना प्राप्त हुई। जांच के दौरान शिकायतकर्ता राकेश (44 वर्ष), निवासी ग्राम गोथरा, खेखड़ा, जिला बागपत, उत्तर प्रदेश ने बताया कि जब वह अपनी स्कूटी से जा रहे थे, तभी ऑटो-रिक्शा में सवार दो व्यक्तियों ने उन पर हमला किया, उन्हें जमीन पर गिराकर गला दबाया और उनका पर्स लूट लिया। पर्स में लगभग ₹15,000 नकद और जरूरी पहचान दस्तावेज थे।
इस संबंध में थाना गोकलपुरी में एफआईआर संख्या 168/26, धारा 309(6)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच
एसएचओ/थाना गोकलपुरी निरीक्षक उमेद सिंह के पर्यवेक्षण में, एसआई सागर नवदीप एम के नेतृत्व में एक समर्पित टीम गठित की गई, जिसमें एएसआई विपिन, हैड कांस्टेबल अनुज, रोहित और कांस्टेबल प्रवीण शामिल थे। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर गहनता से जांच की।
सूचना के आधार पर टीम ने आरोपी जुबेर अहमद (24 वर्ष) पुत्र जमीर अहमद, निवासी अशोक विहार, लोनी, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपी जुबेर अहमद ने अपना जुर्म कबूल किया। उसके कब्जे से शिकायतकर्ता के दस्तावेज वाला लूटा गया पर्स, ₹4,000 नकद और अपराध में प्रयुक्त ऑटो-रिक्शा बरामद किया गया।
आगे की जांच में थाना दयालपुर में दर्ज लूट के एक अन्य मामले में भी उसकी संलिप्तता पाई गई। इस प्रकार इस गिरफ्तारी से लूट के दो मामलों का खुलासा हुआ है।
इसके अलावा इसके एक साथी -आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने और आरोपी की अन्य समान अपराधों में संलिप्तता का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।