नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिम जिले की भारत नगर थाना पुलिस की संगम पार्क चौकी की टीम ने त्वरित और सतर्क कार्रवाई का शानदार उदाहरण पेश करते हुए महज 60 मिनट के अंदर स्नैचिंग की वारदात को सुलझा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की इस मुस्तैदी से इलाके में अपराधियों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि संगम पार्क चौकी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न सिर्फ स्नैचिंग के आरोपी को पकड़ा, बल्कि उसकी निशानदेही पर बड़ी बरामदगी भी की है।
आरोपी के कब्जे से 04 स्नैचिंग व चोरी के मोबाइल फोन, 03 चोरी की दोपहिया वाहन, एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
टीम की इस उत्कृष्ट कार्यप्रणाली की देवेश चंद्र श्रीवास्तव, विशेष पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था), जोन-1, दिल्ली और विजय सिंह, संयुक्त पुलिस आयुक्त, उत्तरी रेंज ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की है। वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि यह त्वरित पुलिसिंग का बेहतरीन नमूना है।